डानल्ड ट्रंप के पतन से सीख, The Fall Of Donald Trump

अंग्रेज़ी का दिलचस्प मुहावरा है, ‘लेम डक’ जिसका अभिप्राय उस बड़े अधिकारी से है जो अपनी सारी सत्ता और राजनीतिक प्रभाव खो बैठा हो। अमेरिका के मध्यावधि चुनाव के बाद और जिस तरह वहां के लोगों ने जनादेश दिया है और डोनाल्ड ट्रम्प को कड़ी फटकार लगाई है, उसके बाद उन्हें भी लंगडी बत्तख़ कहा जाना शुरू हो गया है। उनके साथी इज़राइल के नेतन्याहू तो ‘डैड डक’, अर्थात् मृत बतख़ बन गए हैं। अमेरिका के दोनों सदनों में ट्रम्प के विरोधियों का बहुमत हो गया है। ट्रम्प के अभी दो साल बचें हैं पर उन्हें जो ऐतिहासिक मार पड़ी है उसके बाद उनके लिए अपना एजेंडा लागू करना बहुत कठिन हो जाएगा। जिस शिखर तक डोनाल्ड ट्रम्प पहुँच सकते थे वे वहां पहुंच चुकें हैं। अब आगे ढलान है। वह कह सकतें हैं,

         अब के आएगी ख़िज़ाँ तो क़िससे करेंगे शिकवा

         हमसे तो अपनी बहारों को सम्भाला न गया

अमरीकी लोगों में यह भावना थी कि उनके साथ विश्वासघात किया गया है क्योंकि ट्रम्प यह वायदा कर के सत्ता में आए थे की वह युद्ध ख़त्म करेंगे लेकिन वह ईरान के युद्ध में उलझ गए और अमरीकी लोगों का समर्थन खो बैठे। दुनिया,भारत समेत, को राहत मिली है। जिस तरह की नीतियों पर वह चल रहे थे उससे दुनिया में भारी अस्थिरता पैदा हो गई थी। उन्होंने दोस्त और दुश्मन देशों सब को नाराज़ कर लिया था। भारत इसका गवाह है। क्या पॉवरफुल अमेरिका के राष्ट्रपति अब पॉवरलेस बन जाएँगे? यह तो नहीं कहा जा सकता, पर उनकी पावर पर अंकुश अवश्य लग गया है। वह चल सकेंगे पर लँगड़ी चाल में।

अब आशा की जानी चाहिए की जो धक्का पहुँचे है उसके बाद ट्रम्प अधिक नियंत्रित रहेंगे। उनका जो विपक्ष है उसने भी कई हिसाब बराबर करने है। न्यूयॉर्क टाइम्स में पीटर बेकर ने लिखा है “चाहे राष्ट्रपति के दो साल अभी बचें हैं और उनके पास अभी कुछ ताक़त बची है, पर अमेरिका के लोग यह संकेत दे रहे हैं कि डोनाल्ड ट्रम्प के युग के अंत की शुरुआत है”।  लोग ईरान युद्ध और महंगाई के रूप में उसकी जो क़ीमत अदा की जा रही है उससे बहुत ख़फ़ा थे। डोनाल्ड ट्रम्प और उनके उपराष्ट्रपति वैंस दोनों ने स्वीकार किया है की ईरान युद्ध के कारण यह हार पहुँची है, पर ट्रम्प अभी भी इसे गलती नहीं मान रहे। उनके लिए अपनी गलती स्वीकार करना बहुत मुश्किल है। दूसरी तरफ उपराष्ट्रपति वैंस ख़ुद को इस अलोकप्रिय युद्ध से दूर कर रहे हैं क्योंकि वे राष्ट्रपति पद के लिए दो साल के बाद चुनाव लड़ना चाहते हैं।

ईरान युद्ध के कारण अमेरिका में तेल की कीमतें बहुत बढ़ गई थी जिस के कारण लोगों के बजट डगमगा गए थे। ईरान इसे बखूबी समझ गया था इसलिए उसने युद्ध को इन मध्यावधि चुनावों तक लटका दिया ताकि लोग नाराज हों और डोनाल्ड ट्रम्प और अलोकप्रिय बन जाएँ। चुनाव में भ्रष्टाचार और हितों के टकराव का मुद्दा भी खूब छाया गया। ट्रम्प के दामाद जेरेड कुश्नर और उनके बेटों पर आरोप लग रहे हैं की उन्होंने ट्रम्प के कार्यकाल में खूब पैसा कमाया है। गैलप सर्वेक्षण के अनुसार अमेरिका में 10 में से 9 वयस्क मानते है कि वहां भ्रष्टाचार व्यापक है। महंगाई से त्रस्त लोग ट्रम्प परिवार द्वारा सार्वजनिक पदों के निजी दुरूपयोग से बहुत ख़फ़ा हो गए हैं। यह भी आरोप लगा है की इन दो सालों में अमेरिका के राष्ट्रपति की अपनी जायदाद में 2.2 अरब डॉलर का इज़ाफ़ा हुआ है।

यह समझा गया था की अमेरिका के लोग आप्रवासन को पसंद नहीं करते, पर चुनाव परिणाम तो यह भी बताते है कि लोगों को अपनी विभिन्नता पसंद है और स्वीकार्य है। ट्रम्प ने विभाजित करने वाली अपनी नीतियों और भड़काने वाले बयानों से बहुत तनावपूर्ण देश बना दिया था। ऐसे समाचार भी हैं कि माँ बाप को देश से निकालते समय उन्हें अपने बच्चों से अलग कर दिया गया। ट्रंप खुद मान रहे हैं कि “शायद यह नीति अधिक सख़्त थी”। जो वर्षों से वहाँ रह रहे थे, लोगों ने उन्हें देश से निकालना पसंद नहीं किया। अमेरिका की अर्थव्यवस्था प्रवासियों पर निर्भर है। जनादेश ध्रुवीकरण और बंटवारे की राजनीति के ख़िलाफ़ आया है। जार्जिया ने अपना पहेला अश्वेत गवर्नर चुना है। फ़्लोरिडा में भी अश्वेत गवर्नर होगा। वहां रह रहे भारतीयों के ख़िलाफ़ अभियान चलाया गया फिर भी आधा दर्जन भारतवंशी सांसद बन गए हैं। लॉस एंजिल्स जैसे बड़े शहर में भारतीय महिला नित्या रमन जिनका संबंध केरल से है, मेयर बन गई है।

दिलचस्प है कि अमेरिका के दो सबसे बड़े शहरों, न्यूयॉर्क और लॉस एंजल्स के मेयर का भारत के साथ कनेक्शन है। मिशिगन स्टेट का चुनाव भी महत्वपूर्ण है जहाँ अब्दुल अल-सईद सेनेट का चुनाव जीत गए हैं।  अमेरिका के इतिहास में वह पहले मुसलमान है जिन्होंने अमेरिका की सेनेट में प्रवेश किया है जबकि राष्ट्रपति ट्रंप नें उनके धर्म को लेकर उन पर सीधे हमले किए थे। यह भी उल्लेखनीय है की उनकी पत्नी का परिवार कर्नाटक से है और सईद खुद को ‘देसी’ कहतें हैं। बड़ा संदेश है कि दो सालों के पागलपन के बाद अमेरिका अपने मूल सिद्धांतों की तरफ़ फिर लौट रहा है। द्वेष की राजनीति को नापसंद करते हुए अमरीकी युवाओं ने ट्रम्प की पार्टी का भारी विरोध किया है। रिपब्लिकन पार्टी के विशेषज्ञ पैपिन ने स्वीकार किया कि उनकी पार्टी को ‘नई दिशा चाहिए’।

ट्रम्प को जो झटका मिला है उससे नई दिल्ली को भी राहत पहुँची है। चाहे प्रधानमंत्री मोदी ट्रंप को बार बार फ़्रैंड कह चुकें हैं, पर डोनाल्ड ट्रम्प अपने और अपने परिवार के सिवाय किसी और के ‘फ्रैंड’ नहीं है। उनके कार्यकाल के दौरान दशकों से भारत और अमेरिका के संबंधों में जो मज़बूती आई थी, वह तबाह कर दी गई है। दोनों तरफ़ भारी अविश्वास है। भारत पर 50% टैरिफ़ लगाया गया। H-1B वीजा जो हमारे प्रोफेशनल्स इस्तेमाल करतें हैं, पर एक लाख डॉलर की फीस लगाने का प्रयास किया जा रहा है। ईरान की चाबहार बंदरगाह जिसमें हमने निवेश किया है पर बार बार बमबारी की गई और हम पर दबाव है कि हम वहां से निकल आए। ट्रंप की पाकिस्तान के साथ घनिष्ठता ने भी रिश्तों में तनाव पैदा किया है। जब वहां अवैध रह रहे भारतीयों को वापस भेजा गया तो उनके हाथों पर हथकड़ियाँ लगी थी और पैरों में जंजीरे। इतना ज़लील करने की क्या ज़रूरत थी?

उनके कार्यकाल के दौरान वहां रह रहे भारतवंशियों पर नस्ली हमले हुए हैं यहाँ तक की एक मंदिर पर भी हमला हो चुका है। उनकी नीति है कि अवैध रह रहे लोगों को बाहर निकाला जाए, पर इसके लिए नफ़रत फैलाने की तो ज़रूरत नहीं थी। न ही भारत और अमेरिका के बीच जो ट्रेड समझौता ही किसी अंजाम तक पहुँच रहा है, अधिकारी कुछ भी कहें। भारत सरकार भी दबाव में आने से इनकार कर रही है। नो-डील, ख़राब डील से बेहतर है। ट्रंप के बाद वहां जो भी राष्ट्रपति आएगा वह बेहतर होगा। ट्रम्प से पहले तक वहां दोनों बड़ी पार्टियां रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक, भारत के साथ बेहतर संबंध के पक्ष में थी। ट्रम्प ने यह सब कुछ उलट दिया।

बड़ी संख्या में भारतवंशियों का चुना जाना एक अच्छा संकेत है। पर भारत सरकार को सावधान हो जाना चाहिए क्योंकि अमेरिका में भारतवंशियों की जो नई पीढ़ी उबर रही है वह यहां देश के अंदर हालात से बहुत संतुष्ट नहीं है। देश के अंदर हालात को लेकर अधिक सवाल किए जा सकते हैं। हमारे लिए अमेरिका के परिणाम एक संदेश भी हैं कि विभाजनकारी नीतियों की भी एक्सपायरी डेट होती है। आख़िर में किसी भी राष्ट्र के जो मूल सिद्धांत हैं वह अपना उच्च स्थान वापस हासिल कर लेतें हैं। भारत में जो युवा प्रदर्शन हो रहे हैं उनके पीछे भी यह भावना है कि वह मतभेद और नफ़रत पैदा करने वाली नीतियों को पसंद नहीं करते और चाहते हैं कि शासन लोगों की मूलभूत समस्याओं, विशेष तौर पर बेरोज़गारी, महंगाई, भ्रष्टाचार आदि पर केंद्रित हों। ‘अग्निवीर’ स्कीम में संशोधन कर सरकार संकेत दे रही है कि संदेश पहुँच रहा है।

डोनाल्ड ट्रम्प को जो झटका पहुँचे है वह इतिहास में एक निर्णायक क्षण है। दो साल के अंदर अंदर उन्होंने सब गँवा दिया। वह उस अहंकार की भावना से ग्रस्त हैं जो बड़े बड़ों के अंत का कारण बना है।  हार के बाद भी ट्रंप का कहना था कि अगर वे ख़ुद चुनाव लड़ रहे होते तो यह परिणाम न आते, जबकि उनकी पार्टी की जो दुर्गति हुई है ट्रम्प के कारण हुई है। न्यूयॉर्क टाइम्स और वाल स्ट्रीट जर्नल के  स्तंभकार क्रिस्टोफर कॉल्डवेल ने लिखा है,”ट्रम्प के अहंकार ने उनके दूसरे कार्यकाल को तबाह कर दिया।2018 के मिड टर्म में उन्हें जो झटका लगा था उसकी तुलना में इस बार शिकस्त कहीं अधिक निर्णायक लगती है क्योंकि इस बार उन्हें अपना अहंकार खुलकर प्रदर्शित करने की अधिक छूट हासिल थी”। इतिहास ऐसे उदाहरणों से भरा हुआ है जहां व्यक्ति की मज़बूती ही उसकी कमज़ोरी और पतन का कारण बनी है। किसी भी नेता को यह नहीं समझना चाहिए कि वह जनता के हित से उपर है, या उसका विकल्प नहीं है। शायर ने सही कहा है,

           हो जाता है जिनमें अन्दाज़-ए-ख़ुदाई पैदा

          हमने देखा है वह बुत तोड़ दिए जातें हैं!

VN:F [1.9.22_1171]
Rating: 0.0/10 (0 votes cast)
VN:F [1.9.22_1171]
Rating: 0 (from 0 votes)
About Chander Mohan 841 Articles
Chander Mohan is the grandson of the legendary editor of Pratap, Mahashya Krishan. He is the son of the famous freedom fighter and editor, Virendra. He is the Chief Editor of ‘Vir Pratap’ which is the oldest hindi newspaper of north west india. His editorial inputs on national, international, regional and local issues are widely read.