भारत के हर प्रधानमंत्री के सामने यह दुविधा रही है कि पाकिस्तान का क्या किया जाए? पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से लेकर वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक, सब पाकिस्तान के साथ हाथ मिलाने का प्रयास कर चुके हैं, और हरेक के हाथ झुलस चुकें हैं। लाहौर की अपनी प्रसिद्ध बस यात्रा के दौरान दोस्ती का हाथ बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था कि ‘आप दोस्त बदल सकते हैं, पड़ोसी नहीं’। लाहौर के गवर्नर हाउस में खूब तालियाँ बजी थी पर इस बीच पाकिस्तान ने कारगिल कर दिया। हमारे हर संभव प्रयास के बावजूद पाकिस्तान बंदा बनने को तैयार नहीं है। अब पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक की भारत यात्रा के बाद फिर पाकिस्तान को लेकर बहस शुरू हो गई है। वह नई दिल्ली में भारत सरकार द्वारा आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के ‘सभ्यतागत संवाद सम्मेलन’ में हिस्सा लेने के लिए आए थे। यह फ़ोरम प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर बनाया गया है ताकि एससीओ देशों के बीच सभ्यतागत साँझ, जिसके केन्द्र में भारत है, को नया रूप दिया जा सके।
पर एक तरफ हम कह चुकें हैं कि ‘टेरर एंड टाल्कस’, आतंक और बातचीत, साथ साथ नहीं चल सकते तो दूसरी तरफ हम पाकिस्तान के मंत्री का भारत में स्वागतः कर हटे हैं। यह दिलचस्प है कि सम्मेलन के लिए भारत ने उनके सांस्कृतिक मामलों के मंत्री को आमंत्रित किया था पर पाकिस्तान ने अपने जलवायु मंत्री को भेज दिया जिन्हें भारत के प्रति हार्ड- लाइनर समझा जाता है। वहां एक सम्मेलन में वह कह चुकें हैं कि “जो भी हमारे पानी को हाथ लगाएगा हम उसका हाथ काट देंगे”। वह भारत द्वारा निलंबित सिंधु जल संधि के बारे बोल रहे थे। इसी मंत्री से हाथ मिलाने के लिए दो सरकारी अधिकारियों को हवाई अड्डे पर भेजा गया था।
हमारे सांस्कृतिक मामलों के मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का कहना है कि पाकिस्तान का सभ्यतागत और सांस्कृतिक विकास भारत से अलग नहीं है। भारत सरकार ने उर्दू में इसे ‘तहज़ीब की गुफ़्तगू’ कहा है। अच्छी बात है क्योंकि आख़िर उर्दू पाकिस्तानी नहीं, भारतीय भाषा है ।पाकिस्तान के मंत्री ने भी अच्छी अच्छी बातें कहीं है। उनका कहना था कि सभ्यताओं के बीच गुफ़्तगू होनी चाहिए पर वह अपने देश को भारतीय सभ्यता से नहीं, फ़ारसी और सैंट्रल एशिया की सभ्यता से जोड़ते हैं। उन्होंने सब को हड़प्पा और मोहिनजोदारो आने का न्यौता भी दिया है। वह पांच दिन यहाँ रहे और उनकी पत्नि ने दिल्ली में खूब शॉपिंग भी की! यह उल्लेखनीय है कि हिसार के पास राखीगढ़ी जिसका भी सम्बंध सिंधु घाटी सभ्यता से है, मोहिनजोदारो से दोगुना स्थल है। पर भारत सरकार ने इसका इतना प्रचार नही किया।
साथ ही सवाल उठता है की आख़िर हमारी पाकिस्तान के प्रति नीति क्या है? विपक्ष भी पूछ रहा है कि अप्रैल 2025 में पहलगाम मे आतंकवादी हमला के बाद क्या बदल गया है कि हमने पाकिस्तानी मंत्री को आमंत्रित किया है? पिछले साल हमने वह तमाशा भी देखा जब दुबई में एशिया कप के फ़ाइनल में पाकिस्तान को हराने के बाद कप्तान सूर्या कुमार यादव के नेतृत्व में भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ मिलने से और पाकिस्तान के मंत्री मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। इस साल फ़रवरी में कोलम्बो में टी- 20 वर्ल्ड कप में फिर हमारी क्रिकेट टीम ने पाकिस्तानियों से हाथ नहीं मिलाए थे। हमारी महिला क्रिकेट टीम ने भी पिछले साल पाकिस्तान की क्रिकेट खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था। स्पष्ट था की ऊपर से सरकार की तरफ से आदेश था पर हमारी हॉकी और फुटबॉल की टीमों ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों के साथ सामान्य तौर पर हाथ मिलाया था। क्रिकेट के बारे ऐसा आदेश क्यों दिया गया और हाकी और फुटबॉल के बारे क्यों नही? सरकार की यह अस्पष्ट नीति है जो सवाल खड़े कर रही है।
ट्रिब्यून अख़बार की रिपोर्ट है कि सितंबर में अपनी इंग्लैंड की यात्रा के दौरान आरएसएस के प्रमुख मोहन भागवत ने बंद कमरे में एक बैठक के दौरान यह सुझाव दिया था कि पाकिस्तान के साथ सीमित संबंध बहाल करने की तरफ प्रयास होना चाहिए। वह चाहते हैं कि सांस्कृतिक और खेलों के सम्बन्ध क़ायम हों, और लोगों के बीच आना जाना शुरू हो जाए। मई में संघ के महासचिव दत्तात्रेय होसाबले भी कह चुके हैं कि पाकिस्तान के साथ गतिरोध तोड़ने के लिए लोगों के बीच आना जाना शुरू होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा था की आपसी व्यापार और वीज़ा जारी करना बंद नहीं होना चाहिए और संवाद के लिए एक खिड़की सदा खुली रहनी चाहिए।
यह तो सब जानतें हैं कि संघ प्रमुख और पदाधिकारी बिना सोचे समझे बात नहीं कहते। उनके द्वारा पाकिस्तान के साथ संवाद बहाल करने का सुझाव दिलवाकर क्या भारत सरकार लोगों की प्रतिक्रिया जानने का प्रयास कर रही है? क्या काँटा बदलने का प्रयास हो रहा है यह देखते हुए कि हमारे तीन पड़ोसी, चीन, पाकिस्तान और बांग्लादेश हमारे मित्र नहीं हैं। सरकार की समस्या है कि पाकिस्तान का मुददा इतना अधिक उछाल दिया गया है कि वापिसी आसान नही है। अब नीति पर पूर्णविचार लगता है, जो बुरी बात भी नहीं है। आपसी तनाव और अविश्वास के बावजूद ट्रम्प, शी जिनपिंग और पुतिन मिल कर हटें हैं। विदेश नीति में लचीलापन होना चाहिए, पर यह विचार धारा पर नहीं राष्ट्रीय हित पर आधारित होनी चाहिए।
पाकिस्तान हमारी कड़वी हकीकत है। उनका बिखराव नहीं होने जा रहा, जैसे यदाकदा कुछ मीडिया वाले कल्पना करते रहतें हैं। वह परमाणु ताक़त भी है। हजारों संकटों के बावजूद उसका अस्तित्व है, और वह हमारे पड़ोस में है। बलूचिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में लगभग बग़ावत की स्थिति है ।आर्थिक हालत जर्जर है जिस कारण वह लगातार अपना गॉड फ़ादर बदलते रहतें हैं। आज कल वह अमेरिका,चीन और सऊदी अरब के बीच झूल रहे हैं। अमेरिका के मध्यावधि चुनावों में डोनाल्ड ट्रम्प को जो धक्का पहुँचा है उससे पाकिस्तान को भी भारी नुकसान हुआ है। यह संभावना है कि अगर डेमोक्रेटिक पार्टी की सरकार आती है तो वह पाकिस्तान और ट्रंप परिवार के बीच जो सौदे हुए हैं उनकी जांच करवा सकती है।
पाकिस्तान पर सेना का जो शिकंजा है वह हटने वाला नहीं। फील्ड मार्शल असीम मुनीर प्रधानमंत्री शाहबाज़ शरीफ से भी अधिक ताकतवार है। पाकिस्तान की सेना का सदा भारत के प्रति विरोधी रवैया रहा है। पाकिस्तान में एक राय जरूर है जो सेना के प्रभुत्व को पसंद नहीं करती और समझती है कि भारत के साथ बेहतर संबंध उनके हित में है पर अभी सेना के प्रभुत्व को कोई चुनौती देने वाला नहीं। पाकिस्तान और चीन के रिश्ते और मज़बूत हो रहें हैं, जो हमने ऑपरेशन सिन्दूर के दौरान भी देखा है।पाकिस्तान मे हमारे पूर्व राजदूत शरत सभ्भरवाल ने अपनी किताब इंडिया’ज पाकिस्तान कोनेनड्रम में लिखा है कि हमें पाकिस्तान के साथ रिश्ते को लावारिस ही नहीं छोड़ देना चाहिए और उसे सम्भालने के लिए केवल सैनिक रास्ता ही नहीं अपनाना चाहिए।
पर दूसरा रास्ता है क्या? ताली एक हाथ से तो बजती नहीं। कूटनीतिक प्रयास बार बार असफल हो चुके हैं। उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग थलग करने का हमारा प्रयास भी सफल नहीं रहा जो डोनाल्ड ट्रम्प की सरकार और पाकिस्तान की लीडरशिप के बीच गर्मजोशी से पता चलता है। पाकिस्तान को सजा देने के लिए ट्रेड भी कोई हथियार नहीं क्योंकि उनसे हम बहुत कम माल मँगवाते है और आपसी व्यापार जो भी थोड़ा बहुत है,वह दुबई के रास्ते होता है। अगर अटारी-वाघा बार्डर खोल दिया जाए तो दोनों को फ़ायदा होगा। हमने सिंधु जल समझौते को निलंबित रखा है पर इस दबाव का सीमित इस्तेमाल ही हो सकता है। हम नदी के पानी को अपनी पास रोक नही सकते।
हमारे कूटनीतिक विशेषज्ञ पाकिस्तान के बारे अंग्रेज़ी के एक शब्द का इस्तेमाल करतें है, ‘मैनेज’। अर्थात् उनके साथ रिश्ते को केवल सम्भाला ही जा सकता है। जो ज़मीनी स्थिति है उसे देखते कोई स्पष्ट समाधान नज़र नहीं आता। शरत सभ्भरवाल का कहना है “भारत केवल कम हिंसा के स्तर पर सम्बंध को मैनेज करने का प्रयास कर सकता है जिसके लिए संवाद और सख्ती दोनों का इस्तेमाल करना पड़ेगा”। लगभग यही बात पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिवशंकर मेनन ने भी अपनी किताब चॉयसेस में लिखी है कि “भारत के पास आज उसकी पाकिस्तान समस्या के समाधान की ताक़त नहीं है… अधिक से अधिक भारत केवल समस्या को मैनेज कर सकता है”।
‘मैनेज’ करने के प्रयास के बीच ही भारत सरकार ने पाकिस्तान के मंत्री को दिल्ली बुलाया था। ऑपरेशन सिन्दूर दवारा हम संदेश दे चुकें हैं कि हमारे धैर्य की सीमा है। पाकिस्तान द्वारा जो जटिल चुनौती हमारे सामने है उसके बावजूद समय हमारे पक्ष में है। दोनों देशों के बीच आर्थिक और सैनिक फ़ासला बढ़ता जा रहा है जिसका पाकिस्तान को भी एहसास है। उन्हें यह भी समझ आ गई है कि कश्मीर के बारे में अब वह कुछ नहीं कर सकते। इसलिए उनके साथ ‘गुफ़्तगू’ करना बुरी बात नहीं, पर यह सदैव याद रखना चाहिए कि अभी वह हमारे प्रति नीति बदलने को तैयार नहीं है। हम उन्हें ‘मैनेज’ ही कर सकतें हैं, ‘सलयूश्न’ कोई नहीं है। अगले साल एससीओ शिखर सम्मेलन पाकिस्तान में हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के लिए भी धर्म संकट होगा कि शामिल हो या न हो? इस बीच यह जरूरी है कि पाकिस्तान को हमारी आंतरिक राजनीति में न घसीटा जाए। उसे कूटनीतिक,और जरूरी हो तो सैनिक, मसला ही रहने दिया जाए।