सोनिया गांधी: एक गरिमामय निजी सफ़र, Sonia Gandhi: Dignified Personal Journey.

सोनिया गांधी की किताब, बिलॉंगिंग…ए जर्नी ऑफ लव (लगाव…प्यार का सफ़र) बहुत दिलचस्प है। यह केवल ‘प्यार का सफ़र’ ही नहीं है, इसमें उनकी ज़िंदगी और गांधी परिवार के उतार-चढ़ाव के बारे बहुत कुछ लिखा गया है। कई लोग उनसे सहमत हैं, कई आलोचना कर रहे हैं।भाजपा वाले अनावश्यक उनके इतालवी मूल को उठाने की कोशिश कर रहे हैं पर यह विवाद तो कभी का दफन हो चुका है। न केवल सोनिया गांधी ने भारत को अपनाया है, बल्कि भारत की जानता ने भी उन्हें अपना बना लिया है। यह अहसास दोतरफ़ा है। वह सात बार लोकसभा के लिए निर्वाचित हो चुकीं हैं, कभी चुनाव नहीं हारीं।

इटली के छोटे से गाँव संगानो से लेकर नई दिल्ली के 10 जनपथ तक का उनका सफ़र अत्यंत रोचक  है। उन्होंने ख़ुद इसे “सीख से भरा लंबा सफर बताए है”। इस दौरान उन्होंने बहुत निजी और अकल्पनीय त्रासदी झेली है।गोलियाँ लगने के बाद खून से लथपथ उनकी सास इंदिरा गांधी ने उनकी गोद में अंतिम साँस ली थी। फिर उन्होंने अपनी पति राजीव गांधी को श्रीपेरम्बूदर में विस्फोट में खो दिया। अगर कोई और होता तो वह वापस इटली लौट जाता। आख़िर बच्चों की सुरक्षा की भी चिन्ता थी पर सोनिया डटी रहीं। जब उनकी बहन ने इटली लौटने को कहा तो सोनिया ने इंकार कर दिया कि यह “मेरा देश है और मेरे बच्चों का देश है”।   

जिस महिला ने लिखा है कि पति राजीव के राजनीति में शामिल होने पर उन्होंने ‘शेरनी की तरह विरोध किया था’, ने बाद में राजनीति को उस तरह अपना लिया जैसे मछली पानी को पसंद करती है। वह काँग्रेस को वापिस सत्ता में लेकर आई, अपनी ‘इन्नर वायस’ (अंतरात्मा की आवाज) के कारण प्रधानमंत्री का पद इंकार कर दिया और अब भी पार्टी की सबसे लोकप्रिय नेता हैं। उन्होंने लिखा है कि “सत्ता ने अपने लिए उन्हें कभी भी आकर्षित नहीं किया, न ही पद मेरा लक्ष्य रहा है”। पर जैसे हम देखेंगे, यह आंशिक तौर पर ही सत्य है। और न ही भरसक प्रयास के बावजूद वह कांग्रेस का पतन ही रोक सकीं है।

कई लोग सवाल कर रहें हैं कि इस समय यह किताब क्यों लिखी गई? क्या इसके द्वारा पार्टी और परिवार को व्हाइट वॉश करने का प्रयास किया गया है? विशेष तौर पर इसलिए कि पंजाब और उत्तरप्रदेश के चुनाव नज़दीक हैं? मैं नहीं समझता कि इसका इन चुनावों से कोई ताल्लुक़ है। सोनिया गांधी के बारे लगभग 40 किताबें लिखी जा चुकीं है। अब वह अपनी बात रख रही हैं। पंजाब में तो इसका विपरीत असर हो सकता है क्योंकि ऑपरेशन ब्लू स्टार और दिल्ली के दंगों के मामले फिर जीवित हो उठें है। दंगों का दोष उन्होंने जनरल ए एस वैद्य पर डाल दिया कि उन्होंने सेना भेजने में देरी की थी, जबकि प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने तो तत्काल आदेश दे दिया था। पर वह राजीव के इस कथन कि “जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है धरती तो हिलती ही है”, के बारे ख़ामोश हैं।

हमारे देश में गांधी, नेहरू, अम्बेडकर, सावरकर, आडवाणी सबने आत्म कथा लिखी हैं। बिलॉंगिंग में सोनिया गांधी ने बताया है कि किस प्रकार कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से मिली, दोनों में प्यार हो गया और वे अपनी इतालवी परिवार के विरोध के बावजूद दिल्ली पहुँच गई। शादी भी उस घर में हुई जहाँ इंदिरा गांधी जैसी दमदार महिला उनकी सास थी। शुरू में वे काफ़ी नर्वस थी पर इंदिरा गांधी ने उनकी मदद की और बहुत अच्छा रिश्ता क़ायम हो गया। यह दिलचस्प है कि इंदिरा गांधी की अपनी इतालवी बहू के साथ बनती थी, न कि देसी बहू मेनेका के साथ। मेनेका को तो आख़िर घर से ही निकाल दिया गया था। किताब यह भी बताती है कि किस प्रकार न केवल सोनिया अपने बच्चों के प्रति रक्षात्मक थी, बल्कि दोनों राहुल और प्रियंका भी अपनी माँ के प्रति बेहद रक्षात्मक और संवेदनशील रहें हैं। पति राजीव गांधी की हत्या के बाद वह अपने बच्चों के बारे बताती हैं, “मैं वह बच्चा बन गई थी जिसको सुरक्षा की जरूरत थी, और वह मेरे अभिभावक थे”।

यह बात निर्विवाद है कि इतने उतार चढ़ाव के बावजूद, इस महिला ने अपनी गरिमा या मर्यादा से कोई समझौता नहीं किया। लोग परिवारवाद की शिकायत करतें हैं। पर अगर लोग स्वीकार कर रहें हैं तो ही यह परिवार देश के प्रमुख परिवारों में से एक है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा तीनों चुनाव जीत चुकें है। लोकतंत्र की मोहर लग चुकीं है। देश में एकाध को छोड़ कर सब प्रादेशिक पार्टियां परिवारवाद से ग्रस्त हैं। सोनिया गांधी के बारे यह कहा जा सकता है वह भारतीय माताओं की ही तरह पुत्र-मोह से ग्रस्त है। पिछले कई वर्षों से उनका सारा ज़ोर पुत्र राहुल गांधी को स्थापित करने में लगा है। देश में कई लोग हैं जो समझते हैं कि प्रियंका अपने भाई से बेहतर साबित हो सकती है। पर नही, माँ केवल पुत्र को ही आगे बढ़ा रही है।

सोनिया गांधी की राजनीति का सबसे विवादास्पद पल उनका कथित त्याग रहा है। 2004 के चुनाव में जीत के बाद यह समझा गया कि वह ही प्रधानमंत्री बनेंगी। सहयोगी पार्टियां भी इसके लिए तैयार थीं पर सोनिया ने डा.मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनवा दिया। कांग्रेसजन स्तब्ध रह गए। चर्चा थी कि राष्ट्रपति अब्दुल कलाम ने उनका रास्ता रोक दिया था पर सोनिया इसका प्रतिवाद करतीं हैं। वह बताती हैं, “मैंने प्रधानमंत्री का पद नहीं खोया, मैं कभी भी इसकी इच्छुक नही थी”। संसद के सेंट्रल हॉल में बड़े भावनात्मक ड्रामे के बीच उन्होंने इंकार कर दिया। उस दिन बड़ी कुर्सी ठुकराते वक़्त अपने भाषण में उन्होंने ‘इन्नर वायस’…का ज़िक्र किया था ।पर इसका अर्थ नहीं कि वह कभी भी इच्छुक नहीं थीं।

 मैं पाठकों को मई 1999 ले चलता हूँ जब भाजपा की अटल बिहारी वाजपेयी सरकार अपना बहुमत खो बैठी थी। सलाहकारों ने सोनिया गांधी को तैयार कर लिया कि ‘यह आपका समय है’,और यह भी विश्वास दिलवाया कि उनके पास 272 सांसदों का जादूई आँकड़ा है। सोनिया गांधी ने भी समझ लिया कि यह उनका मौक़ा है। जब वह राष्ट्रपति के.आर.नारायणन से मिल कर बाहर निकली तो प्रेस को उन्होंने बताया कि “वी हैव 272, एंड मोर आर कमिंग”, हमारे पास 272 हैं, और भी आ रहें हैं। पर उस समय देश इतालवी मूल की प्रधानमंत्री के लिए तैयार नहीं था। देश में बहुत तीखी प्रतिक्रिया हुई थी और मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में छोटी पार्टियां समर्थन से पीछे हट गई। पार्टी के अंदर शरद पवार ने बग़ावत कर दी थी। उनकी जीवनी द रैड साड़ी में लेखक जावीयर मोरो बतातें हैं कि तब राहुल ने भी उनसे कहा था, “मम्मी अब बस करो”। पर यह सच्चाई है कि उस वक़्त प्रधानमंत्री बनने के लिए सोनिया तैयार थी। उन दिनों टाईम्स मैगजीन ने लिखा था कि इटली से मां को बुला लिया था, और शपथ ग्रहण के लिए साड़ी का चयन तक हो चुका था।

1999 और 2004 की सोनिया गांधी में बहुत फर्क आ चुका था। अब वह अधिक अनुभवी और परिपक्व थीं। इस बार उन्होंने ख़ुद प्रधानमंत्री बनने का दावा नहीं रखा बल्कि डॉक्टर मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बना दिया, पर ऐसा करते वक़्त सत्ता की बागडोर अपनी पास रखी। उन्होंने नैशनल एडवाइज़री कौंसिल (एनएसी) बना ली जो एक प्रकार का मंत्रिमंडल ही था। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के मीडिया सलाहकार संजय बारू ने अपनी किताब दी एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर में कड़वी पर स्पष्ट टिप्पणी की है, “एनएसी बनाना मेरे लिए पहला संकेत था कि सोनिया की ‘सत्ता का त्याग’ मात्र राजनीतिक पैंतरा था, न कि किसी उच्च अंतरात्मा की आवाज का परिणाम, जैसे उन्होंने दावा किया है…डा. मनमोहन सिंह को शक्ति तो सौंप दी गई पर अधिकार नही”। परिणाम था कि कांग्रेस के सांसदों की वफादारी सोनिया और उनके परिवार के प्रति थी, न कि देश के प्रधानमंत्री के प्रति। 2009 में यूपीए को जो जीत मिली उसमें डा. मनमोहन सिंह का बड़ा हाथ था पर उन्हें श्रेय नहीं दिया गया। उल्टा, सारी नाकामी और भ्रष्टाचार की शिकायतों का भांडा प्रधानमंत्री के सर फोड़ दिया गया। डाक्टर साहब चुपचाप बर्दाश्त करते रहे।

अफ़सोस है कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी स्थिति से समझौता कर लिया था कि एक प्रकार से सरकार उनकी होगी पर राज सोनिया का होगा। संजय बारू ने डा. मनमोहन सिंह को यह कहते उद्धत किया है, “देखो, एक चीज समझो। मैंने इससे समझौता कर लिया है। सत्ता के दो केन्द्र नहीं हो सकते। इससे कंफयूजन होता है। मैंने यह स्वीकार कर लिया है कि पार्टी अध्यक्षा ही सत्ता की केन्द्र हैं। सरकार पार्टी के प्रति जिम्मेवार है”। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण टिप्पणी है। देश का प्रधानमंत्री संसद और संविधान के प्रति जिम्मेवार है, पार्टी अध्यक्ष के प्रति नही। प्रधानमंत्री के पद के अवमूल्यन से दोनों मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी की प्रतिष्ठा को आघात पहुँचा था।

सोनिया गांधी की किताब बैस्ट सैलर बन चुकी है। अगर उनकी राजनीति को एक तरफ़ रख दिया जाए तो  वह खुद एक अत्यंत शिष्ट महिला हैं जिन्होंने भयानक निजी त्रासदियों में अद्भुत गरिमा और साहस दिखाया है। अपनी हिम्मत और असाधारण प्रतिबद्धता से अपनाएँ हुए देश के लोगों के दिलों में अपनी विशिष्ट जगह बनाई है। जहां तक राजनीति का सम्बंध है,इसमें वह किसी से कम नहीं है! पर जैसे बाबू जगजीवन राम ने एमरजैंसी के बाद अपने पलटे के बारे मुझे समझाया था, ‘बेटा, यह राजनीति है, धर्म नीति नहीं’!  

VN:F [1.9.22_1171]
Rating: 0.0/10 (0 votes cast)
VN:F [1.9.22_1171]
Rating: 0 (from 0 votes)
About Chander Mohan 842 Articles
Chander Mohan is the grandson of the legendary editor of Pratap, Mahashya Krishan. He is the son of the famous freedom fighter and editor, Virendra. He is the Chief Editor of ‘Vir Pratap’ which is the oldest hindi newspaper of north west india. His editorial inputs on national, international, regional and local issues are widely read.